ग्वालियर: झांसी रोड स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की तस्वीरें और सामने आए आरोप छात्रावास की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि छात्रावास की कुछ छात्राएं पास ही स्थित मंशापूर्ण मंदिर पर बंट रहे भोजन को खाने के लिए पहुंचती हैं। छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में उन्हें सही ढंग से भोजन उपलब्ध नहीं कराया जाता और उन्हें भंडारे में खाना खाने के लिए भेज दिया जाता है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद अधिवक्ता और मीडिया की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने छात्रावास की भोजन व्यवस्था और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान मौके पर हंगामे की स्थिति भी बनी।
मामले की जानकारी मिलने पर असिस्टेंट कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, रात अधिक होने का हवाला देते हुए उन्होंने छात्रावास के अंदर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने से मना कर दिया।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकार की ओर से छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के भोजन और अन्य सुविधाओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का सही तरीके से पालन हो रहा है या नहीं?
छात्राओं के आरोप और मौके पर सामने आई परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल छात्रावास प्रबंधन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।






